कोरिया@जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में कोरिया भाजपा ने रचा इतिहास जिला पंचायत में बनी भाजपा की सरकार

Share


-रवि सिंह-
कोरिया,05 मार्च 2025 (घटती-घटना)। विभाजित कोरिया जिले के प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष अब मोहित पैकरा होंगे। कोरिया जिले के प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित होने का गौरव पहले यवत सिंह को प्राप्त था वहीं विभाजित कोरिया जिले में यह गौरव अब मोहित पैकरा को प्राप्त होगा वहीं इस निर्वाचन की खास बात यह रही कि यहां भाजपा से ही दो उम्मीदवार जो जिला पंचायत सदस्य हैं ने उम्मीदवारी की और अंत में 2 मतों से मोहित पैकरा ने भाजपा की ही क्षेत्र क्रमांक 2 की सदस्य जिला पंचायत सौभाग्यवती सिंह को हरा दिया। बता दें कि सौभाग्यवती सिंह विधायक की खास पसंद मानी जा रही थीं वहीं मोहित पैकरा कहीं न कहीं जिलाध्यक्ष भाजपा की पसंद थे और उन्होंने निवर्तमान जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी को चुनाव में मात दी थी। वैसे माना भी जा रहा था कि मोहित पैकरा जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रबल दावेदार हैं और उनके लिए प्रचार करने खुद सरगुजा सांसद क्षेत्र क्रमांक 6 में पहुंचे थे। जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर बैकुंठपुर विधायक की बहु वंदना राजवाड़े निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वैसे इस बार संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के परिणाम आने उपरांत ही यह तय हो गया था कि जिला पंचायत में पूरी तरह भाजपा का कजा दर्ज होगा और हुआ भी वही जहां भाजपा ने अध्यक्ष उपाध्यक्ष दोनों पदों पर बाजी मार ली। कांग्रेस की स्थिति एक सदस्य के साथ वैसे भी जितने लायक नहीं थी वहीं गोंडवाना समर्थित दो प्रत्याशी भी गोंडवाना का अध्यक्ष उपाध्यक्ष बना पाने में सक्षम नहीं थे। 10 जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र वाले कोरिया जिले में 5 क्षेत्र से भाजपा समर्थित प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी वहीं 2 पर गोंडवाना गणतंत्र पार्टी समर्थित प्रत्याशी जीतकर आए थे वहीं 2 पर गैर दलीय समर्थन के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की थी और 1 पर कांग्रेस के प्रत्याशी ने जीत दर्ज की थी। विभाजित कोरिया जिले में पहली बार सम्पन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कांग्रेस जिला पंचायत में अध्यक्ष उपाध्यक्ष नहीं बना पाएगी यह पहले से ही तय था। वैसे विधायक बैकुंठपुर ने भी बहु को उपाध्यक्ष बनाकर उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित कर दिया यह भी इस चुनाव की खासियत रही।

कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य सुरेश सिंह जिलाध्यक्ष भाजपा की अगुवाई में भाजपा में कर सकते हैं प्रवेशःसूत्र
सूत्रों की माने तो भाजपा में कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य सोनहत सुरेश सिंह की एंट्री हो सकती है। जिलाध्यक्ष भाजपा देवेंद्र तिवारी की अगुवाई में कभी भी इसकी घोषणा हो सकती है।कांग्रेस के लिए यह भी बुरी खबर है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वेदांती तिवारी को हराने वाले मोहित पैकरा अध्यक्ष पद तक पहुंचे
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वेदांती तिवारी को हरवाने वाले मोहित पैकरा अध्यक्ष पद तक पहुंच सके। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष वेदांती तिवारी को हराना ही उनके लिए फायदेमंद साबित हुआ। बड़े नेता को कांग्रेस के हराकर आने के कारण मोहित पैकरा को भाजपा ने यह इनाम दिया ऐसा माना जा सकता है।
सत्ता पक्ष के लिए खुशखबरी अध्यक्ष उपाध्यक्ष दोनों सत्तापक्ष के
भाजपा या सत्ता पक्ष के लिए यह खुशखबरी से कम नहीं रहा दोनों पदों पर भाजपा के ही सदस्य निर्वाचित हुए।ऐसा कम ही होता है जो इस चुनाव में होता नजर आया।
क्या बीजेपी सौभाग्यवती सिंह पर करेगी कार्यवाही?
भाजपा के प्रदेश संगठन के निर्देश की अवहेलना करने पर क्या भाजपा सौभाग्यवती सिंह पर कार्यवाही करेगी। सूत्रों का कहना है कि नामांकन के पूर्व सौभाग्यवती सिंह को भाजपा के प्रदेश स्तर के संगठन के बड़े नेता ने फोन कर नामांकन वापस लेने कहा था लेकिन उन्होंने अपना नामांकन वापस नहीं लिया और अब क्या भाजपा ऐसे में सौभाग्यवती सिंह पर कार्यवाही करेगी यह देखने वाली बात होगी।
मोहित पैकरा के नाम पर प्रदेश संगठन ने दी थी सहमति,सौभाग्वती सिंह ने प्रदेश संगठन के निर्देश की अवहेलना करते हुए नामांकन किया था दाखिल
जिला पंचायत कोरिया में अध्यक्ष उपाध्यक्ष भाजपा से ही बनेगा यह पहले से तय था क्योंकि भाजपा के पास पूर्ण बहुमत था वहीं भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मोहित पैकरा के नाम पर सहमति जताई थी बावजूद इसके सौभाग्यवती सिंह ने प्रदेश संगठन के निर्देश की अवहेलना करते हुए दावेदारी दर्ज की और चुनाव हार गईं। सूत्रों की माने तो सौभाग्वती सिंह को प्रदेश के संगठन से जुड़े नेता का भी फोन आया था लेकिन उन्होंने उनके निर्देश का भी पालन नहीं किया और अपना नामांकन दाखिल किया।
भाजपा की आपसी लड़ाई का फायदा नहीं उठा पाई कांग्रेस…वहीं जनपद में भाजपा ने कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई का फायदा उठाया
कांग्रेस जिला पंचायत में भाजपा की अंदरूनी लड़ाई का फायदा नहीं उठा सकी वहीं भाजपा ने जनपद में कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई का फायदा उठाकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। कुल मिलाकर कांग्रेस मूख दर्शक बनी रही कोई अपना प्रयास उसने नहीं किया।
वर्तमान विधायक को खुश करने के लिए क्या संगठन ने निर्विरोध बनाया उपाध्यक्ष
विधायक की बहु निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं वहीं निर्विरोध निर्वाचन उपरांत यह सवाल उठ रहा है कि क्या विधायक को खुश करने ऐसा किया गया।
पहली बार में ही मोहित पैकरा के नाम पर ही अंतिम मुहर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने लगा दिया
वैसे माना जा रहा था कि भाजपा सौभाग्यवती सिंह पर ही दांव लगाएगी और हाल ही में कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए मोहित पैकरा को पहली बार में ही अध्यक्ष भाजपा नहीं बनाएगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं और मोहित पैकरा के नाम पर ही अंतिम मुहर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने लगाया वहीं प्रदेश नेतृत्व की बात को नजरअंदाज कर सौभाग्यवती सिंह ने अध्यक्ष पद के लिए दावेदारी कर दी और अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा जबकि सूत्रों की माने तो सौभाग्यवती सिंह को प्रदेश संगठन से किसी वरिष्ठ पदाधिकारी का भी फोन आया था जिनकी बात भी उन्होंने नहीं मानी। जनपद अध्यक्ष रह चुकी सौभाग्वती सिंह के लिए यह बड़ी हार साबित हुई क्योंकि उन्होंने एक तरफ प्रदेश संगठन के निर्देश की अवहेलना करते हुए पार्टी प्रत्याशी के ही विरुद्ध दावेदारी दर्ज की वहीं उसके बावजूद वह चुनाव हार गईं।
भाजपा समर्थित प्रत्याशी ने ही भाजपा समर्थित जीतकर आई जिला पंचायत सदस्य को अध्यक्ष पद पर हराया
कोरिया जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के संपन्न चुनाव में खास बात यह रही कि भाजपा के ही समर्थित प्रत्याशी ने भाजपा की ही जिला पंचायत सदस्य को अध्यक्ष पद के लिए हराया और 2 मतों से जीत दर्ज की। भाजपा समर्थित मोहित पैकरा 2 मतों से विजय प्राप्त कर ले गए। भाजपा के लिए सुखद यह रहा कि अध्यक्ष पार्टी समर्थन से चुनाव जीतकर आया सदस्य बन सका। मोहित पैकरा क्षेत्र क्रमांक 6 से सदस्य निर्वाचित हुए हैं और उन्हें भाजपा ने ही समर्थन देकर चुनाव लड़वाया था।
विभाजित कोरिया जिले के पहले अध्यक्ष होंगे मोहित पैकरा,कांग्रेस छोड़ना फायदेमंद रहा मोहित पैकरा के लिए
मोहित पैकरा विभाजित कोरिया जिले के पहले जिला पंचायत अध्यक्ष होंगे। मोहित पैकरा की जीत के बाद समर्थकों में काफी उत्साह देखने को मिला। कोरिया जिले के गठन उपरांत संपन्न हुए पहले चुनाव में यवत सिंह प्रथम जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुए थे वहीं अब विभाजन उपरांत मोहित पैकरा को यह गौरव प्राप्त हुआ है। मोहित पैकरा के लिए कांग्रेस छोड़ना फायदेमंद रहा वह हाल ही में भाजपा में शामिल हुए थे और उन्हें पहले जिला पंचायत सदस्य के लिए भाजपा का समर्थन मिला फिर उन्हें अध्यक्ष भी पार्टी ने बनाया। कांग्रेस में रहकर उनका ऐसा उत्थान राजनीतिक सम्भव नहीं था यह उनके ही कुछ समर्थकों का मानना है वहीं उनका यह भी कहना है समर्थकों का की भाजपा में ही फर्श से अर्श संभव है कांग्रेस में नहीं।
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भाजपा ने रचा इतिहास,नेतृत्व क्षमता की हो रही जमकर सराहना
भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भाजपा ने नगरीय निकाय चुनाव से लेकर जिला पंचायत के चुनाव तक जमकर सफलता हासिल की। भाजपा की इस सफलता का श्रेय सभी देवेंद्र तिवारी को देते नजर आए और सभी का यही मानना था कि देवेंद्र तिवारी का नेतृत्व ही था जो भाजपा हर जगह सफलता प्राप्त कर सकी नगरीय निकाय से लेकर जिला पंचायत तक के चुनाव में। देवेंद्र तिवारी की मेहनत और उनकी बेहतर रणनीति को लेकर भाजपा खेमा और प्रदेश भाजपा संगठन भी संतुष्ट नजर आया।देवेंद्र तिवारी के नेतृत्व में भाजपा ने नया इतिहास रचा है यह सभी का कहना है।
कांग्रेस अध्यक्ष उपाध्यक्ष के लिए दावेदारी की भी हिम्मत नहीं जुटा पाई अंत तक
जिलाध्यक्ष भाजपा कोरिया के नेतृत्व की खासियत कही जाए या उनके कुशल रणनीति की सफलता,कांग्रेस जिला पंचायत अध्यक्ष उपाध्यक्ष पद के चुनाव में अंत तक अपना प्रत्याशी उतार पाने की भी हिम्मत नहीं जुटा पाई। अध्यक्ष पद के लिए जहां भाजपा से ही दो प्रत्याशियों ने दावेदारी दर्ज की वहीं उपाध्यक्ष पद पर चुनाव निर्विरोध संपन्न हुआ।कुल मिलाकर कांग्रेस की यह पहली बार बड़ी हार है जो कांग्रेस की आपसी गुटबाजी का भी परिणाम है।
उपाध्यक्ष पद पर दो लोगों ने किया था नामांकन, जिलाध्यक्ष भाजपा देवेंद्र तिवारी की सूझबूझ से निर्विरोध हुआ निर्वाचन
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने दो जिला पंचायत सदस्यों ने नामांकन दर्ज किया था वहीं जिलाध्यक्ष देवेंद्र तिवारी की सूझबूझ से कांग्रेस समर्थित जिला पंचायत सदस्य साथ ही उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी सुरेश सिंह ने अंतिम समय में अपना नाम उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन से अलग कर लिया जिससे वन्दना राजवाड़े निर्विरोध निर्वाचित हो गईं। कुल मिलाकर जिलाध्यक्ष भाजपा देवेंद्र तिवारी की सुझबुझ से भाजपा बड़ी जीत दर्ज कर ले गई।


Share

Check Also

रायपुर@छत्तीसगढ़ के प्रमोटी आईएएस अफसरों को बैच अलॉट

Share रायपुर,05 मार्च 2025 (ए)।राज्य प्रशासनिक सेवा से भारतीय प्रशासनिक सेवा में पदोन्नत हुए अधिकारियों …

Leave a Reply