अंबिकापुर,24 फरवरी 2025 (घटती-घटना)। तीसरे व अंतिम चरण का मतदान रविवार को सरगुजा में लुण्ड्रा व बतौली विकासखंड में हुआ। जनपद पंचायत लुण्ड्रा में 2 पद व बतौली में 1 पद के लिए चुनाव हुआ। लुण्ड्रा जनपद के क्षेत्र क्रमांक 8 से भाजपा समर्थित उम्मीदवार निरूपा सिंह ने चुनाव जीता है। क्षेत्र क्रमांक 9 से भाजपा समर्थित देवनारायण यादव ने कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी गंगा राम को करीब 4 हजार मतों से चुनाव हराया है। वहीं क्षेत्र क्रमांक 10 बतौली से भाजपा समर्थित उम्मदवार नानमणि पैकरा ने जीत दर्ज की है। वहीं सरगुजा जिला पंचायत के लिए बहुमत की बात करें तो 14 सीटों में से 7 सीटों पर भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य ने जीत दर्ज की है। पहले चरण में 7 सीट पर चुनाव हुआ था। जिसमें भाजपा ने तीन सीट पर जीत दर्ज की थी। जबकि निर्दलीय चुनाव जीतीं राधा रवि ने भाजपा में शामिल होकर बहुत दी है। वहीं दूसरे चरण में 4 सीटों पर चुनाव हुए थे। जिसमें भाजपा के सभी समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामाना करना पड़ा था। वहीं तीसरे चरण में भाजपा ने तीनों सीटों पर जीत दर्ज कर जिला पंचायत सदस्यों की संख्या 7 कर ली है। हालांकि बहुमत के लिए एक और निर्दलीय प्रत्याशी की आवश्यकता है।
सूरजपुर में जिले में अंतिम चरण में कुल 5 जिला पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव हुआ। जिसमें जिला पंचायत क्षेत्र क्रमांक-5 से भाजपा समर्थित प्रत्याशी कुसुम सिंह चुनाव जीत गई हैं। वहीं क्षेत्र क्रमांक 6 से पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की पत्नी शशि कला पैकरा चुनाव हार गई हैं। उन्हें बाबूलाल मरापो ने शिकस्त दी। बाबूलाल मरापो पूर्व में संघ के प्रचारक रह चुके हैं। जिला पंचायत के क्षेत्र क्रमांक 10 से रामसेवक पैकरा के बेटे लवकेश पैकरा चुनाव जीत गए हैं। यहां भाजपा ने किसी को भी समर्थन नहीं दिया था। क्षेत्र क्रमांक 11 में भाजपा समर्थित बासुदेव माझी ने चुनाव जीत लिया है। वहीं, क्षेत्र क्रमांक-12 में भाजपा समर्थित चंद्रमणि पैकरा ने जीत हासिल की है। पहले चरण में भाजपा के सभी समर्थित प्रत्याशी हार गए थे। सूरजपुर में भाजपा के 5 समर्थित प्रत्याशियों की जीत हुई है। भाजपा से बगावत कर चुनाव जीतने वालों की संख्या तीन है। कांग्रेस के 4 समर्थित प्रत्याशी जीते हैं। भाजपा बहुमत के करीब है, लेकिन जोड़-तोड़ की राजनीति सूरजपुर में करनी होगी। बलरामपुर में भाजपा ने जिला पंचायत में आसानी से बहुमत हासिल कर लिया है। हालांकि मंत्री रामविचार नेताम के गृहक्षेत्र सनावल में भाजपा समर्थित प्रत्याशी को तीसरे चरण के चुनाव में बड़े मतांतर से हार का सामना करना पड़ा। अंतिम चरण में बलरामपुर जिले के छह जिला पंचायत सदस्यों के लिए चुनाव हुआ। इनमें रामचंद्रपुर लॉक के क्षेत्र क्रमांक 4 सनावल से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी उषा देवी करीब 8000 मतों के बड़े मतांतर से चुनाव हार गई हैं। उन्हें कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी साधना यादव ने शिकस्त दी। यह मंत्री रामविचार नेताम का गृहक्षेत्र है। क्षेत्र क्रमांक 5 नवाडीह से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी मुंशी राम ने करीब 9 हजार मतों से जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 6 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी बद्री यादव ने प्रतिद्वंदी राजेश यादव से करीब 2500 मतों की बढ़त बनाई है। वाड्रफनगर लॉक के तीन जिला पंचायत सीटों में क्षेत्र क्रमांक 1 से भाजपा की समर्थित प्रत्याशी अनुसुइया वर्मा चुनाव जीत गई हैं। क्षेत्र कमांक 2 से अनिल कुशवाहा कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी ने जीत दर्ज की है। क्षेत्र क्रमांक 3 से भाजपा के राजू सिंह ओइके चुनाव हार गए हैं। उन्हें भाजपा के बागी रामप्रताप सिंह ने नजदीकी मुकाबले में हराया है। अंतिम परिणाम सारणीकरण के बाद आएंगे। बलरामपुर में पहले चरण में हुए 6 सीटों के चुनाव में पांच सीटों पर अधिकृत प्रत्याशी और एक सीट पर भाजपा से बगावत कर चुनाव लडऩे वाले विधायक उद्धेश्वरी पैकरा के पति और पूर्व संसदीय सचिव सिद्धनाथ पैकरा ने चुनाव जीता है। दूसरे चरण के दो सीटों पर हुए चुनाव में दोनों समर्थित प्रत्याशी जीत गए हैं।
