अमेरिका ने कैदियों की तरह अवैध भारतीय प्रवासियों को निकाला
यूएस से इतने और अवैध भारतीय प्रवासी होंगे डिपोर्ट
नई दिल्ली,07 फ रवरी 2025 (ए)। केंद्र सरकार ने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों ने वहां रह रहे 487 और अवैध भारतीय प्रवासियों की पहचान की है और उन्हें जल्द ही भारत वापस भेज दिया जाएगा। इसी बीच भारत ने निर्वासित होने वाले भारतीयों के साथ दुर्व्यवहार की आशंका पर चिंता जताई है। अमेरिका से अवैध भारतीय प्रवासियों को डिपोर्ट किए जाने को लेकर विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि विदेश मंत्री ने अमेरिकी अधिकारियों द्वारा शेयर किए गए स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसिजर की जानकारी दी है। विक्रम मिस्री ने कहा कि विदेश मंत्री ने ध्यान दिलाया कि यह प्रक्रिया लंबे समय से चली आ रही है। हालांकि, निर्वासित प्रवासियों के साथ दुर्व्यवहार का मुद्दा एक गंभीर विषय है, जिसे हमने अमेरिकी अधिकारियों के सामने उठाया है।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि अमेरिका ने भारत को 487 संभावित भारतीय नागरिकों के बारे में सूचित किया है, जिन्हें निष्कासन आदेश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने अमेरिकी प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि निर्वासित भारतीयों के साथ कोई भी अमानवीय व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. अगर किसी
भी प्रकार के दुर्व्यवहार की जानकारी हमें मिलती है, तो हम इसे तुरंत उच्च स्तर पर उठाएंगे।इसके अलावा विदेश सचिव ने अवैध प्रवास को बढ़ावा देने वाले गिरोहों और नेटवर्क्स के खिलाफ ठोस कार्रवाई की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हमें पूरे सिस्टम में मौजूद उस ईकोस्सिटम पर कार्रवाई करने की जरूरत है, जो अवैध इमिग्रेशन को बढ़ावा देता है।
अमेरिका जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 फरवरी को दो दिवसीय अमेरिकी दौरे पर जाएंगे। पीएम मोदी का अमेरिकी दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब कथित अवैध भारतीयों को निकाले जाने के दौरान हुई बदसलूकी को लेकर बवाल मचा हुआ है। कांग्रेस, समाजवादी पार्टी (सपा) और कुछ अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने अमेरिका से 100 से अधिक अवैध प्रवासी भारतीयों को वापस भेजे जाने और उनके साथ कथित तौर पर अमानवीय व्यवहार किए जाने के खिलाफ बृहस्पतिवार को संसद परिसर में प्रदर्शन किया था।
पीएम मोदी के विदेश दौरे की बात करें, तो वह इस महीने दो महत्वपूर्ण विदेशी यात्राएं करेंगे। वे 10 से 12 फरवरी तक फ्रांस की यात्रा करेंगे और इसके तुरंत बाद 12 से 13 फरवरी को अमेरिका का आधिकारिक दौरा करेंगे। इस यात्रा के दौरान भारत और इन दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को और सशक्त बनाने पर चर्चा होगी। विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। 20 जनवरी को डोनाल्ड ट्रंप के देश के 47वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने के बाद मोदी की यह पहली अमेरिका यात्रा होगी।
साल 2012 से लागू है हथकड़ी की नीति
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने ये भी जानकारी दी है कि अमेरिका में साल 2012 से ही अवैध प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर वापस भेजने की नीति लागू है। इस सवाल पर कि क्या भारत ने 2012 में विरोध दर्ज कराया था इसपर मिस्री ने कहा- ‘‘मुझे नहीं लगता कि कोई विरोध जताया गया था। हमारे पास आपत्ति के संबंध में कोई रिकॉर्ड नहीं है।’’
भारत ने अमेरिका के समक्ष चिंता व्यक्त की
भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने शुक्रवार को अवैध प्रवासियों को हथकड़ी लगाकर भेजे जाने से संबंधित सवाल पर बताया है कि इस मुद्दे पर भारत ने अमेरिका के समक्ष चिंता व्यक्त की है। मिस्री ने कहा- ‘‘हमने अपनी चिंताओं से अमेरिका को अवगत कराया है कि इस प्रकार के व्यवहार से बचा जा सकता है।’’
अमेरिका ने 487 भारतीयों को चिह्नित किया
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने जानकारी दी है कि अमेरिका ने 487 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट करने के लिए चिह्नित किया है और 298 लोगों की डिटेल भारत के साथ साझा की है। जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है। विक्रम मिस्री ने आगे कहा कि भारत ने अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष लगातार जोर देकर कहा है कि भेजे जाने वाले प्रवासियों के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। मिस्री ने कहा- ‘‘हमारे ध्यान में दुर्व्यवहार का कोई भी मामला सामने आने पर हम उसे उठाते रहेंगे।
