अंबिकापुर,@मंदिर से 200 साल पुरानी स्वयं प्रकट भगवान की मूर्ति चोरी,ग्रामीणों में आक्रोश

Share


ग्रामीणों द्वारा असामाजिक तत्वों की करतूत का जताया गया है अंदेशा, देवस्थल पर काफी संख्या में जुटे ग्रामीण,पुलिस को मामले की दी गई है सूचना

अंबिकापुर,09 जनवरी 2025 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले के लुंड्रा लॉक अंतर्गत ग्राम सिलसिला में देवस्थल से भगवान की मूर्ति चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरी का पता तब चला जब बैगा यहां पूजा करने पहुंचे। खबर मिलते ही गांव के लोग देवस्थल के पास इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि बरगद पेड़ के नीचे मंदिर में ब्रह्मदेव की स्वयं प्रकट पत्थर की मूर्ति थी। यह मूर्ति 200 साल से भी अधिक पुरानी बताई जा रही है। चोरी की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है। इसकी सूचना रघुनाथपुर चौकी पुलिस को दी गई है।
लुंड्रा लॉक के रघुनाथपुर चौकी अंतर्गत ग्राम सिलसिला में स्कूल के पीछे बरगद पेड़ के नीचे सालों पुरानी ब्रह्मदेव की पत्थर की मूर्ति थी। मूर्ति का आकार करीब 2 फीट है। इसकी पूजा गांव के लोग लंबे समय से करते आ रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिस जगह पर मूर्ति थी, वहां बाद में मंदिर बना दिया गया। बैगा यहां कुछ-कुछ दिनों में पूजा करने आते थे। गुरुवार की सुबह जब बैगा पूजा करने पहुंचे तो मंदिर के भीतर से भगवान की मूर्ति गायब थी।
यह खबर उन्होंने ग्रामीणों को दी। सूचना मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण मंदिर के पास इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि असामाजिक तत्वों द्वारा मूर्ति चोरी की गई है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश का माहौल है।
साल पुरानी थी मूर्ति
ग्रामीणों का कहना है कि यह मूर्ति 200 साल से भी पुरानी थी। मूर्ति चोरी होने से उनकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि 15 दिन पूर्व जब बैगा पूजा करने आए थे तो मूर्ति यहां विराजमान थी।
पूर्व में एक धर्म विशेष के लोगों द्वारा यहां गंदगी की गई थी, इसे लेकर विवाद भी हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे ही असामाजिक तत्वों द्वारा यह कृत्य कर सामाजिक सौहार्द्र बिगाडऩे का प्रयास किया गया है।
पुलिस चौकी में दी गई सूचना
घटना की सूचना पर लुंड्रा के मंडल अध्यक्ष सतीश जायसवाल व पूर्व मंडल अध्यक्ष महेंद्र सिंह भी पहुंचे थे। मंदिर से मूर्ति चोरी होने की सूचना ग्रामीणों द्वारा रघुनाथनगर चौकी पुलिस को दी गई है। पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची थी। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत एसपी से भी करने की बात कही है।


Share

Check Also

सूरजपुर@वरिष्ठ नागरिक संघ ने जिला मुख्यालय में 15 जगहों पर किया प्याऊ का शुभारंभ

Share सूरजपुर,19 अप्रैल 2025 (घटती-घटना)। सूरजपुर (छ.ग.) द्वारा सूरजपुर शहर मे΄ प्रतिवर्ष समय समय पर …

Leave a Reply