दुर्ग@ गोठान में हुई बड़ी लापरवाही

Share

कुत्तों ने नोच डाले चार बछड़े…
निगम अधिकारी बने रहे बेखबर…
दुर्ग,27 फरवरी 2025 (ए)।
जिले के भिलाई नगर निगम द्वारा संचालित गोठान में बड़ी लापरवाही सामने आई है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित इस गोठान में कुत्तों ने चार बछड़ों को नोच डाला, जबकि निगम अधिकारियों को इसकी भनक तक नहीं थी। गो सेवकों ने गुरुवार की सुबह यह नजारा देखा तो वे हैरान रह गए। इस घटना के बाद गो सेवकों ने मवेशियों के डॉक्टर को सूचना दी।
गो सेवक परशुराम देवांगन ने बताया कि वे रोजाना गो सेवा के लिए गोठान आते हैं, लेकिन आज सुबह जब पहुंचे तो चार बछड़ों को कुत्तों ने बुरी तरह नोचा हुआ पाया। उन्होंने बताया कि गोठान में बछड़ों को रखने की कोई सुरक्षित व्यवस्था नहीं है। जहां बछड़ों को रखा
गया है, वह जगह खुली हुई है, जिससे कुत्ते आसानी से अंदर घुस जाते हैं। बीती रात कुत्तों ने चार बछड़ों को नोच डाला, जिससे उनकी हालत गंभीर है और उनके बचने की संभावना भी कम नजर आ रही है। यह पहली बार नहीं है जब गोठान में कुत्तों द्वारा बछड़ों को नोचे जाने की घटना सामने आई है।
पहले भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, लेकिन निगम अधिकारियों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया। गो सेवकों ने निगम अधिकारियों को इसकी जानकारी दी थी, लेकिन कोई सुधारात्मक कदम नहीं उठाया गया। इस मामले में भिलाई निगम के जनसंपर्क अधिकारी अजय कुमार शुक्ला से बात करने पर उन्होंने बताया कि उन्हें अभी इस घटना की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पहले बछड़ों की स्थिति जांचकर उनके इलाज का प्रबंध किया जाएगा। इसके बाद यह पता लगाया जाएगा कि कहां चूक हुई है, जिससे कुत्ते गोठान में घुस रहे हैं।


Share

Check Also

रायपुर@ तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई,5 लोगों की हुई मौत

Share रायपुर,06 मार्च 2025 (ए)। राजधानी रायपुर के मंदिरहसौद थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क …

Leave a Reply