नगर निगम अंबिकापुर के लिए 6 महापौर व 124 वार्ड पार्षद के प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला इवीएम में कैद

अंबिकापुर,11 फरवरी 2025 (घटती-घटना)। अंबिकापुर नगर निगम व सीतापुर व लगखनपुर नगर पंचायत के लिए मंगलवार को मतदान संपन्न हुआ। मतदाताओं ने प्रत्याशियों का भाग्य इवीएम में कैद कर दिया है। इनके भाग्य का फैसला मतगणा दिवस 15 फरवरी को होगी। बता दें की अंबिकापुर नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा से मंजूषा भगत व कांगेस से डॉ. अजय तिर्की सहित 6 प्रत्याशी व 48 वार्ड के पार्षद के लिए 124 उम्मीदवारों का भाग्य इवीएम में कैद कर दिया है। वहीं लखनपुर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा से सावित्री साहू, कांग्रेस से शिखा रमेश जायसवा व निर्दलीय अनिशा गुप्ता चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा 15 वार्डों के लिए कुल 32 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं सीतापुर नगर पंचायत अध्यक्ष के लिए भाजपा से अमृता पैकरा, कांग्रेस से प्रेमदान कुजूर व निर्दलीय गिरधारी राम भगत चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा 15 वार्डों के लिए कुल 40 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इन सभी प्रत्याशियों का भी भाग्य मतदाताओं ने इवीएम में कैद कर दिया है। नगर निगम अंबिकापुर व नगर पंचायत लखनपुर व सीतापुर के लिए मतदान सुबह 8 बजे से शुरू हो गई थी। जो शाम 5 बजे तक चली। नगरीय निकाय में मतदान का समय सीमा समाप्त होने 5 बजे तक कुल 64.85 प्रतिशत वोटिंग हुई है। जिसमें अंबिकापुर नगर निगम में 63.10 प्रतिशत, लखनपुर नगर पंचयत के लिए 82.80 व सीतापुर नगर पंचायत के लिए 81.54 प्रतिशत मतदान हुआ है।
निगम से भाजपा की महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत ने सुबह 8 बजे ही मतदान केंद्र में पहले वोटर के रूप में वोटिंग की। वोटिंग के बाद भाजपा प्रत्याशी ने मेयर प्रत्याशी बनाने के लिए पार्टी का आभार जताया तथा कहा कि वे अंबिकापुर की पहली महिला महापौर बनेंगीं। उन्होंने कहा कि मेयर के रूप में शहर की मूलभूत सुविधाओं पर उनका फोकस रहेगा। वहीं कांग्रेस के डॉ. अजय तिर्की ने सुबह 9.30 बजे वोटिंग की। इधर वोटिंग से पहले कांग्रेस से मेयर प्रत्याशी वर्तमान महापौर डॉ. अजय तिर्की नवापारा स्थित चर्च पहुंचे और वहां प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने वोटिंग की। वोटिंग के बाद उन्होंने कहा कि शहर का विकास करना हमारी प्राथमिकता है। कांग्रेस की पूरी टीम इसके लिए शुरु से ही प्रयासरत है। अंबिकापुर नगर निगम के मेयर व पार्षद प्रत्याशी के पक्ष में पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव ने गर्ल्स कॉलेज स्थित मतदान केंद्र में मतदान किया। मतदान करने के बाद उन्होंने पत्रकारों से चर्चा की।
पुलिस और भाजपा वरिष्ठ नेता के बीच तीखी बहस
मतदान के दौरान गांधीनगर मतदान केंद्र के बाहर हंगामे की स्थिति बन गई, जब पुलिसकर्मियों और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर के बीच तीखी बहस हो गई। घटना उस समय हुई जब भाजपा पार्षद उम्मीदवार विपिन पांडे उर्फ छोटू पंडित मतदान केंद्र के बाहर से मतदाताओं को मतदान के लिए भेज रहे थे। इस पर तैनात पुलिसकर्मियों ने आपçा जताई और कहा कि मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) पहले से मौजूद हैं। इस पर भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर भडक गए और पुलिस से सवाल किया कि उनके प्रत्याशी मतदान केंद्र के गेट के बाहर ही मौजूद रहेंगे, जबकि भीड़ को नियंत्रित करने की जिम्मेदारी पुलिस की है। इस बहस के चलते मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही। फिलहाल, मतदान केंद्र पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
युवा मतदाताओं ने स्थानीय निर्वाचन में फर्स्ट टाइम की वोटिंग
स्थानीय आम निर्वाचन 2025 के तहत आज मतदान केंद्र क्रमांक 86, मल्टीपरपज स्कूल में युवा मतदाता सरस्वती और दिव्या भारती ने पहली बार मतदान कर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोनों युवाओं ने उत्साहपूर्वक लोकतंत्र के इस महापर्व में भाग लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाई। सरस्वती ने कहा,पहली बार वोट डालकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। दिव्या ने भी मतदान को नागरिक कर्तव्य बताते हुए कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान करना हमारी जिम्मेदारी है।
दिव्यांग मतदाताओं ने उत्साहपूर्ण किया मतदान

नगरीय निकाय निर्वाचन में दिव्यांग मतदाताओं ने बढ़-चढकर हिस्सा लिया, जिससे उनके लोकतांत्रिक उत्साह की झलक देखने को मिली। 76 वर्षीय श्रीमती मंजली दास जैसे बुजुर्ग दिव्यांगों ने अपने परिजनों के साथ मतदान केंद्रों का रुख किया। ट्राईसाइकिल पर सवार होकर मतदान करने पहुंची, जो उनके जज्बे को दर्शाता है। इसके अलावा, स्कॉटगाइड के स्वयंसेवकों ने दिव्यांगों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। और समाज में दिव्यांगों की सक्रिय भागीदारी को भी प्रोत्साहित किया है।
85 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता ने उत्साह पूर्वक किया मतदान

लोकतंत्र के इस महापर्व में बुजुर्गों में मतदान प्रक्रिया में बढ़-चढकर हिस्सा लिया। 85 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता सुंदर कन्नौजिया आज शासकीय प्राथमिक शाला पुलिस लाइन स्थित मतदान केंद्र में मतदान करने पहुंची। उन्होंने मतदान के लिए लाइन लगकर अपनी बारी का इंतजार कर मतदान किया। वोटिंग प्रक्रिया में भाग लेकर उनके चहरे पर एक अलग उत्साह देखने को मिला।
विधायक समेत भाजपा नेता पदाधिकारियों ने किया मतदान,जताया चुनाव में जीत भरोसा

अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, लूंड्रॉ विधायक प्रबोध मिंज, महापौर प्रत्याशी मंजूषा भगत, भाजपा वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, निकाय चुनाव संयोजक अखिलेश सोनी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरपाल सिंह भामरा, जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी, जिला संवाद प्रमुख संतोष दास, भाजपा वरिष्ठ नेता प्रेमकुमार शर्मा, करताराम गुप्ता, जिला सह संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, जिला सह कोषाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, बीजेपी दक्षिणी मंडल अध्यक्ष कमलेश तिवारी तथा पार्षद रविंद्र गुप्त भारती सहित भाजपा के प्रमुख पदाधिकारीयों ने आज मतदान कर नगरीय निकाय चुनाव में अपनी सहभागिता दिखाई। लोकतंत्र महापर्व के इस अवसर पर सभी नेताओं ने नगर निगम अंबिकापुर सहित नगरीय निकाय चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत का भरोसा जताया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने अंबिकापुर नगर पालिक निगम, सीतापुर तथा लखनपुर नगर पंचायत में आम जनता ने भाजपा को इस बार अपना आशीर्वाद दिया है। 15 फरवरी को तीनों जगह भाजपा की सरकार बनने जा रही है।
संभागयुक्त एवं आईजी ने
मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
नगरीय निकायों में महापौर, अध्यक्ष एवं पार्षदों के लिए मतदान हुआ। सरगुजा संभागयुक्त नरेन्द्र दुग्गा एवं सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग द्वारा मतदान केंद्रों में चल रहे मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया। उन्होंने नगर पालिक निगम अम्बिकापुर के मतदान केंद्र क्रमांक 75, 76, 77, 109, 107, 108, 84, 85, 86, 99, 100, 101, 102 का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान केंद्रों में चल रहे मतदान कार्यों का जायजा लेकर सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
मैं निश्चिंत हूं और प्रभु से आशीष
मांगने चर्च आया हूं” कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने मतदान से पहले चर्च में की प्रार्थना
कांग्रेस के मेयर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की
ने मतदान से पहले चर्च में की प्रार्थना..

कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी डॉ. अजय तिर्की ने मतदान से पहले नवापारा स्थित बेदाग ईश माता महागिरजाघर पहुंचकर प्रार्थना की। उन्होंने अपनी जीत और कांग्रेस के सभी पार्षद प्रत्याशियों की सफलता के लिए प्रभु से प्रार्थना की
डॉ. अजय तिर्की ने कहा, मुझे भगवान के साथ-साथ अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र की जनता पर भी पूरा भरोसा है। मतदान के दिन जनता का समर्थन हमें सकारात्मक परिणाम देगा। इसलिए मैं निश्चिंत हूं और प्रभु से आशीष मांगने चर्च आया हूं।