कहा…अच्छे विचारों को प्रोत्साहित करने से अच्छा बनता है समाज
-बागी कलम-
अनूपपुर,20 दिसंबर 2024(घटती-घटना)। सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से अनूपपुर आने वाले सर्वोदय नेताओं और सेवकों का स्वागत करते हुए शहडोल संभाग के अग्रणी चिकित्सालय अमृता अस्पताल के डायरेक्टर रोबोटिक सर्जन डॉ विनम्र वी जैन ने कहा कि अच्छे विचारों और कार्यों से जुड़ने और उन्हें प्रोत्साहित करने से अच्छाई का वातावरण निर्मित होता है जिससे समाज अच्छा बनता है। उल्लेखनीय है कि डॉ. विनम्र वी. जैन सर्व सेवा संघ अधिवेशन की स्वागत समिति के अध्यक्ष और लोक समिति अनूपपुर के जिलाध्यक्ष एवं चंद्रशेखर सिंह उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी में हैं। यह जानकारी आयोजन समिति के संयोजक सर्व सेवा संघ के युवा सेल के राष्ट्रीय संयोजक भूपेश भूषण ने दी। ज्ञात हो कि विंध्य में सर्व सेवा संघ का राष्ट्रीय अधिवेशन पहली बार 22, 23 दिसंबर को अनुपपुर में किया जा रहा है। सर्व सेवा संघ सर्वोदय विचार की सर्वोच्च संस्था है जिसके दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन का उद्घाटन महात्मा गांधी के पोते सामाजिक कार्यकर्ता व लेखक श्री तुषार गांधी करेंगे। वरिष्ठ अधिवेशन में कई ख्यातिलध गांधी विचारक, चिंतक, लेखक एवं रचनात्मक कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिसमें सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंदन पाल, पूर्व अध्यक्ष डॉ सुगन बरंठ, मैनेजिंग ट्रस्टी शेख हुसैन, गांधी वाचक अरविंद अंजुम, गांधी नेशनल म्यूजियम के डायरेक्टर डॉ. ए. अन्नामलाई, गांधी भवन न्यास के अध्यक्ष संजय सिंह, सचिव दयाराम नामदेव, सम्यक अभियानक प्रवर्तक वरिष्ठ लेखक, विचारक भास्कर राव रोकड़े, पूर्व संसद और गांधी विचार की वाहक मीनाक्षी नटराजन, पूर्व आईएएस और लेखक राजीव शर्मा, पूर्व हाई कोर्ट जस्टिस मनोरंजन मोहंती, किसान अधिकार अभियान महाराष्ट्र के संयोजक अविनाश काकडे और राजस्थान के संयोजक जगदीश भाई, डॉ विश्वजीत रॉय, मध्यप्रदेश गांधी स्मारक निधि की सचिव दमयंती पाणी आदि। इसके अलावा प्रदेश सर्वोदय मंडलों के अध्यक्ष, मंत्री सहित 350 डेलीगेट्स शामिल होंगे।
डॉ विनम्र वी जैन ने कहा कि ये अत्यंत हर्ष का विषय है कि उनका पूरा परिवार समाजवादी और सर्वोदय विचार के साथ गहरे जुड़ा रहा है। मैंने बचपन से अपने घर में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, समाजवादी और सर्वोदयी नेताओं का आना-जाना देखा है। उनसे मिला हूं, उन्हें सुना-जाना और उनका स्नेह पाया है साथ ही मेरे यशस्वी पिता सर्व सेवा संघ की राष्ट्रीय कार्यकारणी में रहे हैं इसलिए मेरे लिए यह गौरव की बात है कि मुझे सर्व सेवा संघ के राष्ट्रीय अधिवेशन की स्वागत समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। मैं तहे दिल से सभी आगंतुक सर्वोदय सेवकों का विंध्य की पावन धरती में आत्मीय स्वागत करता हूं, हमारी कोशिश होगी कि सभी के निवास व भोजन की समुचित व्यवस्था करने का पूरा प्रयास रहेगा।