बड़े भाई ने जड़ दिया जोरदार थप्पड़,बिना पूछे तोड़ दिया ताला…
रायपुर,21 अक्टूबर 2024 (ए)।बीजेपी के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सच्चिदानंद उपासने पर अपने ही घर में डकैती करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं उनके बड़े भाई जगदीश उपासने ने उनपर थप्पड़ जड़ दिया। जगदीश देश के सीनियर जर्नलिस्ट हैं, भोपाल में स्थित माखनलाल युनिवर्सिटी के कुलपति रह चुके हैं। पुश्तैनी मकान में जबरन घुसने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच ये विवाद उपजा। जगदीश उपासने ने इस घटना का वीडियो और जानकारी अपने सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की है।
घटना 20 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे के आस-पास की है। सच्चिदानंद और जगदीश 92 साल की रजनी ताई के बेटे हैं। रजनी ताई का नाता क्रस्स् से रहा है। वो रायपुर की पूर्व विधायक हैं। रायपुर के टिकरापारा थाना इलाके में हरचंद राय पेट्रोल पंप के पास मेन रोड में इनका मकान है। इसी मकान से ये विवाद जुड़ा हुआ है। बीते दो ढाई सालों से यहां सच्चिदानंद नहीं रहते हैं। उन्होंने दूसरा मकान बना लिया वहीं शिफ्ट हो गए। मगर उनका दफ्तर यहीं है। इसी दफ्तर में वो परिवार के लोगों को बिना बताए ताला तोड़कर सामान निकलवा रहे थे। विवाद इसी बात पर हो गया। इस विवाद पर सच्चिदानंद उपासने ने मीडिया में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
जगदीश उपासने का कहना है कि, ये घर हमारी आई (मां) का है। सच्चिदानंद यहीं रहते थे। बीते कुछ समय से वो यहां नहीं रहते कहीं और बंगला बना लिया उन्होंने। अचानक 8-10 लोगों को लेकर आए और शटर का ताला तुड़वाकर सामान निकलवाने लगे। वो इसे पहले दफ्तर के रूप में इस्तेमाल करते थे। मैंने कहा तुम अपने ही घर में इस तरह ताला तोड़कर क्यों घुस रहे हो। चाबी ले सकते थे। अपनी मां से मिल सकते थे। तीन साल से बूढ़ी मां तो देखा तक नहीं।जगदीश उपासने ने आगे कहा- इस तरह से ताला तोड़कर घुसना ये तो कानूनन डकैती है। मैं सिक्योरिटी की मांग करूंगा छत्तीसगढ़ सरकार से मेरी मां की उम्र 92 साल है। उनका दाहिना कंधा टूटा हुआ है। वो ये सब जानकर दुखी हो जाएंगी। वो उठ-बैठ नहीं पातीं। आज जो घर में ताला तोड़कर यूं घुस रहे हैं कल को मुझे, मेरी मां को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
