रायपुर@सीएम भूपेश के बयान पर साव का पलटवार

Share


बोले-अपनी पार्टी की चिंता करें बघेल
रायपुर,24 जुलाई 2023(ए)।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, भूपेश जी अपनी पार्टी की चिंता करेंज्न की हमारी, क्योंकि हमारा लक्ष्य कांग्रेस से जनता को मुक्ति दिलाना है।
उल्लेखनीय है कि, गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे और भाजपा की लगातार बैठकों के चलते सीएम भूपेश बघेल ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा था कि, भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है। गृहमंत्री शाह प्रदेश के शीर्ष नेताओं से संतुष्ट नहीं हैं। इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने पलटवार किया है।
अरुण साव ने भाजपा की लगातार हो रही बैठकों पर कहा कि, तरह-तरह के कार्यक्रम लगातार चल रहे हैं। इसलिए विधानसभा स्तर की बैठक हो रही है। कार्यक्रम की योजना बनाने के लिए बैठक हो रही है। कांग्रेस सरकार से छत्तीसगढ़ की जनता को मुक्ति दिलाना भाजपा का एकमात्र लक्ष्य है।
झूठ बोलना कांग्रेस की आदत
प्रदेश में राइस मिलर्स और कारोबारियों के ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई को लेकर सीएम बघेल ने कहा था कि, भाजपा यहां टिक नहीं पा रही है तो ईडी को भेज रही है, इसी पर भी प्रदेश अध्यक्ष साव ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि, झूठ बोलना कांग्रेस की आदत है। कार्रवाई कई महीनों से चल रही है। गृहमंत्री शाह तो पार्टी की बैठक में शामिल होने आते हैं। रही बात ईडी की कार्रवाई की तो तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।
डरी हुई है कांग्रेस
भाजपा के चुनाव अभियान समिति में बाहरी नेताओं को जगह दिलाने को लेकर कांग्रेस के हमले पर अरुण साव ने जबाव दिया है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस घबराई हुई है। इसलिए बेतुकी बाते कर रही है। हमने घोषणा पत्र समिति बना दी है। कई समिति जल्द घोषित होगी, भाजपा काफी दिनों से कांग्रेस के घोटालों को उजागर कर रही है। यही वजह है कि, कांग्रेस डरी हुई है। इतना ही नहीं इनके कार्यकर्ता भी इनसे नाराज चल रहे हैं।
भाजपा शीर्ष नेतृत्व में कुछ ठीक नहीं, इसलिए बार-बार आते हैं अमित शाह
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रदेश दौरे को लेकर भाजपा पर वार किया है। उनहोंने कहा कि, गृहमंत्री अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं, इसका मतलब है कि प्रदेश के शीर्ष नेताओं से वे संतुष्ट नहीं हैं।
दरअसल, सीएम बघेल रविवार शाम दुर्ग जिले के भिलाई पहुंचे थे। इस दौरान वे सिविक सेंटर स्थित कला मंदिर में मनवा कुर्मी क्षत्रिय समाज की ओर से आयोजित डॉ. खूबचंद बघेल जयंती समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर तंज कसा। श्री बघेल ने कहा कि, अमित शाह बार-बार छत्तीसगढ़ आ रहे हैं। इसका मतलब है कि प्रदेश में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में कुछ ठीक नहीं चल रहा है। ये लोग रात में आते हैं और डंडा चलाकर चले जाते हैं। उन्होंने भाजपा पर एक आदिवासी नेता का अपमान करने का आरोप लगाया। सीएम ने कहा कि, ननकीराम कंवर को भाजपा नेताओं ने पार्टी कार्यालय में घुसने नहीं दिया। उन्हें वहां से भगा दिया गया। ये एक आदिवासी का अपमान है।
सीएम भूपेश ने राज्य में नक्सल समस्या खत्म होने का दावा करते हुए कहा कि, अब नक्सली पीछे हट चुके हैं। पहले लोग जगदलपुर तक नहीं जा सकते थे। अब बस्तर के अंदरूनी इलाकों में भी जा पा रहे हैं। गृहमंत्री खुद कोंटा जिले के नक्सली क्षेत्र में गए। वहां वर्षों से बंद स्कूलों को शुरू करने का काम किया गया है।
छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत,चुनौती देना मुश्किल : टीएस
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आए थे। इस दौरान उन्होंने भाजपा नेताओं के साथ हाईलेवल मीटिंग की और उसके बाद रविवार सुबह आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में शामिल हुए।
इसके बाद गृह मंत्री शाह दिल्ली के लिए रवाना हो गए। गृह मंत्री अमित शाह के दौरे को लेकर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंदेव ने कहा कि अमित शाह अब छत्तीसगढ़ में किराए का मकान लेकर रहेंगे। कांग्रेस आलाकमान को पता है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति बेहद मजबूत है। इसलिए हमारा शीर्ष नेतृत्व यहां का दौरा नहीं कर रही है। लेकिन भाजपा को पता है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस को चुनौती देना मुश्किल है। इसलिए उनके बड़े नेता बार-बार छत्तीसगढ़ दौरे पर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस हर वर्ग के लिए काम किया है। हम काम के दम पर जनता का विश्वास जीत कर उसके बीच जाएंगे और 2023 में फिर से कांग्रेस की सरकार बनेगी।


Share

Check Also

रायपुर,@ निगम-मंडल और स्वशासी संस्थाओं को मिलने वाली अतिरिक्त सुविधाओं पर लगी रोक

Share @ वित्त विभाग ने जारी किया आदेश…रायपुर,26 अक्टूबर 2024 (ए)। वित्त विभाग ने तमाम …

Leave a Reply