रायपुर@कांग्रेस ने 120 दिनों के लिए झुनझुना पकड़ा दिया

Share

बाकी 4 महीने के लिए महराज जी को बधाई
रायपुर, 29 जून 2023 (ए)।
टीएस सिंहदेव को छत्तीसगढ़ का उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर जहां श्री सिंहदेव के समर्थकों में हर्ष व्याप्त हो गया है तो भाजपा नेताओं ने इस पर तंज भी कसा है। पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने 4 महीने के लिए उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की बधाई तो दी है साथ ही यह भी जता दिया है कि अब कांग्रेस की नैया पार नहीं होने वाली। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने इसे थोपा गया आदेश करार दिया है।
शांत और सौम्य स्वभाव के धनी, सरगुजा महाराज के नाम से विख्यात कांग्रेस नेता टीएस सिंहदेव को कल अचानक दिल्ली में चल रहे छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी की बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री बनाने की घोषणा की गई। प्रदेश के मुखिया भूपेश बघेल ने इस पर खुशी जताते हुए टीएस सिंहदेव के साथ अपनी फोटो ट्वीट करते हुए लिखा- हैं तैयार हम, महाराज साहब को उपमुख्यमंत्री के रूप में दायित्व के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं।
दूसरी ओर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने टीएस सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर तंज कसते हुए लिखा-डूबने लगी कश्ती तो कप्तान ने कुछ यूं किया, सौंप दी है पतवार आधी दूसरे के हाथ में….
बाकी 4 महीने के लिए महराज जी को बधाई।
पूर्व सीएम रमन सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाया है, 120 दिनों के लिए उन्हें ‘झुनझुना पकड़ाया‘ दिया गया है। टीएस सिंहदेव खुश नजर आ रहे हैं। कांग्रेस सामूहिक चेहरे पर चुनाव लड़ेंने का निर्णय लिया है। इससे साबित होता है कि अब भूपेश चेहरा नहीं होंगे। आपको बता दें कि टीएस सिंहदेव को डिप्टी सीएम बनाया गया है। जबकि नंदकुमार साय को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। सीएम भूपेश बघेल ने दोनों मंत्री को बधाई भी दी है।
बृजमोहन बोले…5 साल अपमान झेले…एक विभाग छोड़ड़ना पड़ड़ा…3 महीने में क्या कर लेंगे?
विधायक व पूर्व मंत्री बृजमोहन ने कहा -सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाकर कांग्रेस नेतृत्व ने मुख्यमंत्री बघेल को शायद दागदार मान लिया है, ढाई साल कांग्रेस शासनकाल में हुए अपने अपमान का बदला सिंहदेव जरूर लेंगे
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने मंत्री टी.एस. सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री बनाए जाने पर कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा है कि केन्द्रीय नेतृत्व के दबाव में टी एस सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री का पद तो मन मसोसकर स्वीकार कर लिया है, पर क्या वह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को स्वीकार कर पाएंगे, जिन्होंने पौने पांच साल के शासनकाल में उन्हें हर मौकों पर अपमानित किया है। श्री अग्रवाल ने कहा कि जो पौने पांच वर्ष तक अपमान के घूंट पीते रहे और जिन्हें अपना एक मंत्रालय तक छोड़ना पड़ा, वह सिंहदेव तब कुछ नहीं कर पाए तो अब बाकी बचे तीन महीनों में क्या खाक कर पाएंगे?
बीजेपी के पूर्व मंत्री ने कहा कि सिंहदेव को उपमुख्यमंत्री पद का झुनझुना थमाकर भी कांग्रेस को इससे कोई फायदा नहीं होने वाला है। सिंहदेव ने उपमुख्यमंत्री पद तो स्वीकार किया है, लेकिन पूरे कांग्रेस शासनकाल में मुख्यमंत्री बघेल द्वारा किए गए अपने अपमान का बदला अगले विधानसभा चुनाव में वे जरूर लेंगे। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस ताजा फैसले से कांग्रेस को नुकसान ही होगा। उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने से सिंहदेव का भी बचा-खुचा जनाधार व इज्जत खत्म हो जाएगा, और उनकी पदलोलुपता प्रदर्शित हो गई है और इससे भाजपा को ही राजनीतिक लाभ मिलेगा। श्री अग्रवाल ने कहा कि जिस सरगुजा संभाग से उपमुख्यमंत्री सिंहदेव आते हैं, वहां के पूरे कार्यकर्ता सिंहदेव से इन साढ़े चार वर्षों के कार्यकाल में नाराज हो चुके हैं।
भाजपा विधायक व पूर्व मंत्री श्री अग्रवाल ने कहा कि उपमुख्यमंत्री पद पर सिंहदेव की नियुक्ति से यह साबित हो गया है कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व ने भी इस बात को स्वीकार कर लिया है कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दागदार हो गए हैं। शराब और कोयला घोटाले में ईडी ने जो जांच की है, उससे साफ है कि मुख्यमंत्री बघेल इसमें शामिल हैं। बीजेपी विधायक ने कहा कि आने वाले समय में रेत घोटाला, जमीन घोटाला, जंगल घोटाला, धान घोटाला, डीएमएफ घोटाला, ये सब भी सामने आएंगे। इससे यह भी स्पष्ट है कि मुख्यमंत्री बघेल के सत्ता से जाने का समय आ गया है। श्री अग्रवाल ने सवाल किया कि ऐसे हालात में उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने वाले सिंहदेव भी क्या इन घोटालों में शामिल होंगे?


Share

Check Also

रायपुर,@10 बाल आरोपी माना संप्रेक्षण गृह से हुए फरार

Share ‘ रायपुर,29 जून 2024 (ए)। राजधानी रायपुर के माना में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह …

Leave a Reply

error: Content is protected !!