रायपुर@हर घर-हर आंगन योगःमुख्यमंत्री भूपेश बघेल

Share


मुख्यमंत्री बोले-योग स्वस्थ,तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली,निरोग रहने का उत्तम साधन भी…
रायपुर,21 जून 2023(ए)।
हमारी जीवन शैली का अहम हिस्सा है योग। यह आज से नहीं बल्कि कई सालों से हमारी संस्कृति का अहम हिस्सा रहा है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए और योग को लेकर ज्यादा से ज्यादा लोगों के बीच जागरूकता फैलाने के लिए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने हर घर आंगन योग करने की अपील की है। मुख्यमंत्री बघेल ने आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने ‘हर घर आंगन योग’ के प्रति लोगों में जागरुकता लाने की भी अपील की है।
सीएम बघेल ने ट्वीट कर कहा कि, आइये, हम सब मिलकर ‘हर घर आंगन योग’ के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएं। योग मूल रूप से शरीर, मन और आत्मा को शुद्ध करने की एक प्रक्रिया है। इससे शारीरिक शक्ति के साथ हमें सकारात्मकता और आंतरिक भावनात्मक मजबूती भी मिलती है। वास्तव में योग स्वस्थ, तनावमुक्त और अनुशासित जीवन जीने की एक शैली है। उन्होंने कहा कि, योग को निरोग रहने का उत्तम साधन माना गया है। यह भारत की प्राचीन परंपरा है। हमारे ऋषि-मुनियों ने इसके महत्व को बहुत पहले से ही जान लिया था। अब पूरा विश्व योग का महत्व समझ रहा है। सभी लोग अपने स्वास्थ्य के लिए योग करें। योग को अपनाने से शारीरिक ऊर्जा, स्वास्थ्य और प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस योग स्वस्थ जीवन जीने की कलाःराज्यपाल
राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन आज राजभवन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित योग शिविर में शामिल हुए। उन्होंने राजभवन के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ मिलकर योगासन और प्राणायाम भी किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष श्री ज्ञानेश शर्मा, राज्यपाल के सचिव श्री अमृत खलखो भी उपस्थित थे।
राज्यपाल हरिचंदन ने इस अवसर पर कहा कि योग भारत की एक प्राचीन कला है जो हजारों वर्षों से अस्तित्व में है। किन्तु इसे जन ख्याति तब मिली जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर, संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2015 में 21 जून को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। तब से सारे विश्व में लोग न सिर्फ इसे जानने लगे हैं बल्कि लोगों में योग के प्रति रूचि भी बढ़ी है। योग दिवस के माध्यम से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग के लाभ के बारे में जागरूकता आयी है। राज्यपाल ने कहा कि योग आध्यात्मिक अनुशासन एवं अत्यन्त सूक्ष्म विज्ञान पर आधारित ज्ञान है जो मन और शरीर के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह स्वस्थ जीवन जीने की कला है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ‘‘योगा फॉर वासुधैव कुटुम्बंकम‘‘ है। एक विश्व, एक परिवार के रूप में सबके कल्याण के लिए आज हम लोग एकत्रित होकर योगाभ्यास के इस महत्वपूर्ण यज्ञ में अपनी आहूति दे रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी भी आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर पूरी दुनिया को योग का संदेश दे रहे हैं। इस कार्यक्रम में 180 से अधिक देशों के लोग शामिल हो रहें हैं। यह हमारे देश के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है।
उन्होंने कहा कि योग को आसन और प्राणायाम तक ही सीमित ना रखा जाए बल्कि योग की ध्यानावस्था में जाने की विधि को समझने के लिए मेडिटेशन की शिक्षा अत्यन्त आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग हमारे शरीर एवं मन, विचार एवं कर्म, मानव एवं प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करता है। यह स्वास्थ्य एवं कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। योग केवल व्यायाम नहीं है बल्कि स्वयं के साथ-साथ विश्व और प्रकृति के साथ एकत्व खोजने का भाव है।
प्रदेश के भाजपा-कांग्रेस के नेताओं, अधिकारियों और बड़ी संख्या में लोगों ने किया योगासन
देशभर में आज यानि बुधवार को अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया ज रह है। इसी कड़ी में आज छत्तीसगढ़ में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। प्रदेश के भाजपा-कांग्रेस के नेताओं समेत बड़ी संख्या में लोगों ने योगासन किया। रायपुर जिला मुख्यालय के जोरा ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने योग के आसान लगाए। उनके साथ मेयर एजाज ढेबर, छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा के साथ कई नेता और अधिकारियों ने भी योगा अभ्यास किया। विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत कोरबा जिला मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। सभी जिला मुख्यालयों में मंत्री, संसदीय सचिव, विधायक, आयोग-प्राधिकरण के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्य योग के आसन लगाएंगे। भाजपा के प्रदेश प्रभारी ओम माथुर ने रायपुर के गुजराती स्कूल में योग के आसन लगाए। उनके साथ बीजेपी के कई और नेताओं ने भी योगा अभ्यास किया।


Share

Check Also

रायपुर,@ निगम-मंडल और स्वशासी संस्थाओं को मिलने वाली अतिरिक्त सुविधाओं पर लगी रोक

Share @ वित्त विभाग ने जारी किया आदेश…रायपुर,26 अक्टूबर 2024 (ए)। वित्त विभाग ने तमाम …

Leave a Reply