Breaking News

रायपुर@मुख्यमंत्री ने दंतेवाड़ा पहुंचकर जवानों की शहादत को किया नमन

Share

शहीद जवानों को दिया कंधा…परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
रायपुर,27 अप्रैल 2023(ए)।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दंतेवाड़ा पहुंचकर अरनपुर घटना में शहादत देने वाले शहीद जवानों के पार्थिव शरीर पर पुष्पगुच्छ अर्पित कर श्रद्धांजलि दी । मुख्यमंत्री ने शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। उन्होंने शहीद जवानों के परिजनों को भी ढांढस बंधाया। इस दौरान गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू, लोकसभा सांसद दीपक बैज, राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, बीजापुर विधायक श्री विक्रम मडांवी, दंतेवाड़ा विधायक देवती कर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष तूलिका कर्मा, डीजीपी श्री अशोक जुनेजा, एडीजी नक्सल विवेकानंद सिन्हा, बस्तर कमिश्नर श्याम धावड़े, आईजी बस्तर सुंदरराज पी., कलेक्टर विनीत नन्दनवार, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण में भी शहीदों को श्रद्धांजलि और पार्थिव शरीर को कंधा दिया। जिला प्रशासन दंतेवाड़ा द्वारा शहीद जवानों के पार्थिव शरीर को उनके गृह ग्राम के लिए रवाना किया गया।
ग्राम अरनपुर में 26 अप्रैल को नक्सल घटना में शहीद जवानों में सर्वश्री जोगा सोढ़ी पोलमपल्ली सुकमा, दतेवाड़ा के मुन्ना कड़ती तुमनार दंतेवाड़ा, संतोष तामो भांसी दंतेवाड़ा, दुलगो मंडावी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, लखमू राम मड़कामी भैरमगढ़ बीजापुर, जोगा कवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, हरिराम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जयराम पोडियाम कटेकल्याण दंतेवाड़ा, जगदीश कुमार कोवासी कटेकल्याण दंतेवाड़ा, राजू राम करटम कटेकल्याण दंतेवाड़ा शामिल है।
10 शहीद डीआरजी जवानों में 8 दंतेवाड़ा के निवासी
जिले के अरनपुर नक्सली हमले में में हुए आईईडी विस्फोट में 10 डीआरजी के जवान शहीद हुए हैं। इस नक्सली हमले में शहीद 10 डीआरजी के जवानों में दंतेवाड़ा जिले के निवासी 08 जवान शहीद हुए हैं जिससे पूरा दंतेवाड़ा गमगीन है, जबकि एक जवान सुकमा और एक बीजापुर का निवासी है। दंतेवाड़ा के शहीद 08 जवानों में 04 जवान तो एक ही गांव के रहने वाले हैं। दोनों साथ-साथ भर्ती हुए और दोनों की शहादत भी एक ही दिन हो गयी। राजू राम करटम और जगदीश कोवासी दोनों कुआंकोंडा के बड़ेगुडरा के रहने वाले हैं। दोनों जवान 10 मार्च 2022 को भर्ती हुए थे। उसी तरह कटेकल्याण मारजूम भीमापारा के दुलगो मंडावी और कटेकल्याण के बड़े गादम के जोगा कवासी 06 मार्च 2023 को डीआरजी में भर्ती हुए थे। दोनों एक महीना 23 दिन ही नौकरी कर पाये की उनकी शहादत हो गयी।
जवानों के अंतिम संस्कारको लेकर नक्सलियों ने सुनाया ये बड़ा फरमान
श्रद्धांजलि सभा में नहीं पहुंचे 2 जवानों के परिजन,सीएम बोले:अगर उन्हें लड़ना है तो…
जवानों के अंतिम संस्कार को लेकर नक्सलियों ने बड़ा फरमान सुनाया है। नक्सलियों ने गृह ग्राम में अंतिम संस्कार नहीं करने का फरमान सुनाया है। नक्सलियों ने कटेकल्याण के मारजुम और गादम गांव में फरमान सुनाया है। उन दो जवानों का जिला मुख्यालय में अंतिम संस्कार होगा। वहीँ 2 शहीद जवानों का परिवार इस श्रद्धांजलि सभा में नहीं पहुंचा। इस दौरान सभी शहीद जवानों के परिवार का रो-रो कर बुरा हाल हो गया है। सीएम भूपेश ने आज दंतेवाड़ा के पुलिस लाइन कारली में पहुंचकर सभी शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी और परिजनों को ढांढस भी बंधाया। सीएम ने कहा कि हमारे जवान लड़ते हुए शहीद हुए हैं। पिछली बार भी कई जवान लड़ते हुए शहीद हुए थे उससे ज्यादा नक्सलियों को नुक्सान पहुंचा था। जिन नक्सलियों को आत्मसमर्पण करना है उनके लिए आत्मसमर्पण नीति है और अगर किसी को लड़ाई करनी है तो हमारे जवान पीछे नहीं हटेंगे।
गृहमंत्री के बयान पर सीएम भूपेश बघेल का पलटवार,
बोलेःउन्हें पूरी जानकारी नहीं,ये राजनीतिक बयानबाजी

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में कल बुधवार 26 अप्रैल को एक बड़ा नक्सली हमला हुआ जिसमे 10 जवान और एक ड्राइवर शहीद हो गए। इस बड़े घटनाक्रम के बाद छत्तीसगढ़ में एक तरफ शोक का माहौल है वहीँ दूसरी तरफ सियासत भी शुरु हो गई है। सियासत की हवा छत्तीसगढ़ से चलते हुए मध्य प्रदेश तक चली गई है। मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार में गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इस बड़े नक्सली हमले को लेकर दुःख प्रकट किया है, साथ ही यह भी कहा है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार में नक्सली पुलिस पर हमला कर रहे हैं। वहीं मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार में पुलिस नक्सलियों को मुठभेड़ में ढेर कर रही हैं। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि – दो प्रदेश की सरकार है। एक छत्तीसगढ़ है और एक भाजपा है। एक जगह भाजपा की सरकार है और एक जगह कांग्रेस की सरकार। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार है वहां नक्सली हमला कर रहे हैं और दूसरी ओर मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है यहां पुलिस हमला कर रही है नक्सली मारे जा रहे हैं। डेढ़ करोड़ के नक्सली एक साल के अंदर 8 बड़े-बड़े पुलिस और हॉक फ़ोर्स ने मार गिराए। कोई भी ऐसा व्यक्ति जो शांति भांग करता है, नक्सली गतिविधि करता है उसे जड़ से उखाड़ दिया जाएगा। एमपी गृहमंत्री के इस बयान पर छत्तीसगढ़ सीएम भूपेश बघेल ने पलटवार करते हुए कहा – नरोत्तम मिश्रा को पूरी जानकारी नहीं है, ये राजनितिक बयानबाजी कर रहे हैं। ऑपरेशन में कई बार हमें सफलता मिलती है कभी नुक्सान उठाना पड़ता है। हमारे जवानों की शहादत बेकार नहीं जाएगी।


Share

Check Also

रायपुर,@10 बाल आरोपी माना संप्रेक्षण गृह से हुए फरार

Share ‘ रायपुर,29 जून 2024 (ए)। राजधानी रायपुर के माना में स्थित बाल संप्रेक्षण गृह …

Leave a Reply

error: Content is protected !!