Breaking News

नई दिल्ली@राहुल गांधी की सदस्यता रद्द मामले पर देश में हंगामा

Share


राहुल गांधी की सदस्यता रद्द मामले को लेकर कांग्रेस के बड़े नेताओ की बैठक
कई जगहों पर भिड़े कांग्रेसी और भाजपा कार्यकर्ता
वायनाड में दिखा ऐसा नजारा
नई दिल्ली,24 मार्च 2023(ए)।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अब पूर्व सासंद बन चुके हैं। शुक्रवार को लोकसभा सचिवालय ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म कर दी। सदस्यता रद हो जाने के बाद राजनीतिक सरगर्मी काफी बढ़ चुकी है।
कांग्रेस और भाजपा नेताओं के बीच जुबानी जंग भी काफी तेज हो चुकी है। वहीं, देश के कई राज्यों में कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की भी खबरें सामने आईं हैं।
रायपुर में भिड़े कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज शाम युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए और एक दूसरे पर पत्थरबाजी करने लगे।
छत्तीसगढ़ सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर रायपुर में युवा कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, पथराव भी हुआ।
वायनाड में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया विरोध प्रदर्शन
केरल के वायनाड में सांसद के रूप में राहुल गांधी की अयोग्यता को लेकर मनंथवाडी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कोलकाता में होगा सड़क और रेल जाम
वहीं, मध्य कोलकाता में एक विरोध सभा आयोजित करते हुए बंगाल कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि वह पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को लोकसभा से अयोग्य ठहराए जाने के खिलाफ शनिवार को रेल और सड़क जाम करेगी। अयोग्यता को भाजपा की बदले की राजनीति का एक उदाहरण बताते हुए राज्य कांग्रेस नेता आशुतोष चटर्जी ने जोर देकर कहा कि यह भगवा पार्टी की ओर से एक शर्मनाक कृत्य है।
चटर्जी ने संवाददाताओं से कहा कि भाजपा प्रतिशोध की राजनीति का सहारा ले रही है क्योंकि राहुल गांधी युवाओं और देश के दबे-कुचले लोगों के हित में मुद्दे उठा रहे थे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा गांधी के खिलाफ काम कर रही थी क्योंकि पार्टी ने अडानी के शेयरों के मुद्दे पर एक संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग की थी।
शनिवार को रेल और सड़क जाम करेंगेःकांग्रेस नेता
भारतीय लोकतंत्र के लिए काला दिवस लिखी तख्तियां लिए कांग्रेस नेता कौस्तव बागची ने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता शनिवार को रेल और सड़क जाम करेंगे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 2019 के आपराधिक मानहानि मामले में सूरत की एक अदालत द्वारा दोषी ठहराए जाने के एक दिन बाद शुक्रवार को लोकसभा से अयोग्य घोषित कर दिया गया।
भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूँ
हर कीमत चुकाने को तैयार

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने लोकसभा से अपनी सदस्यता खत्म होने पर प्रतिक्रिया दी है। राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि वह भारत की आवाज के लिए लड़ रहे हैं और वह इसके लिए हर कीमत चुकाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने ट्वीट कर कहा, मैं भारत की आवाज के लिए लड़ रहा हूं। मैं हर कीमत चुकाने को तैयार हूं।
लोकसभा सचिवालय ने जारी किया नोटिफिकेशन
मालूम हो कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी की लोकसभा की सदस्यता शुक्रवार को रद्द कर दी गई। राहुल गांधी ने मोदी सरनेम को लेकर टिप्पणी की थी, जिसपर सूरत की कोर्ट ने मानहानि के मामले में राहुल गांधी को दो साल की सजा सुनाई थी। लोकसभा सचिवालय ने नोटिफिकेशन जारी करते हुए उन्हें अयोग्य करार दिया।
जारी रहेगी राजनीतिक लड़ाईः कांग्रेस
राहुल गांधी को अयोग्यता घोषित किए जाने के बाद कांग्रेस ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ये राजनीतिक लड़ाई बरकरार रहेगी। जयराम रमेश ने कहा कि हम पीछे नहीं हटेंगे। राहुल गांधी कोई धमकी से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री डरे हुए हैं। इसलिए, वे बार-बार राहुल गांधी और अन्य विपक्ष के नेताओं को डराते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत जोड़ो यात्रा से भाजपा घबराई हुई है। वे जानती है कि भारत जोड़ो यात्रा ने न केवल कांग्रेस संगठन में नई उमंग जगाई है, बल्कि पूरे देश में एक नया उत्साह, भविष्य का रास्ता दिखाया है।
विपक्षी नेताओं का मिल रहा साथ
राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द होने पर विपक्षी नेताओं का उनको समर्थन मिल रहा है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पूरे देश में डर का माहौल है। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पीएम मोदी का नया भारत बताते हुए भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के नेताओं को मुख्य तौर पर लक्ष्य बना रही है।


Share

Check Also

शिमला@ संजौली में मस्जिद को लेकर हालात बेकाबू

Share @ प्रदर्शनकारियों ने तोड़ा सुरक्षा घेरा शिमला,11 सितंबर 2024 (ए)। हिमाचल प्रदेश की राजधानी …

Leave a Reply