भाई ने जीजा पर लगाया दूसरी महिला से संबंध होने का आरोप
अम्बिकापुर,17 जुलाई 2022 (घटती-घटना)। पति के दूसरी महिला से नाजायज रिश्ते को लेकर 9 साल से पत्नी के साथ विवाद चला आ रहा था। शनिवार की दोपहर भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हुई। इसके बाद पत्नी व 2 मासूम बेटों की संदिग्ध अवस्था में जलकर मौत हो गई। दरअसल गंभीर रूप से झुलसी महिला व उसके दोनों बेटों को पड़ोसियों द्वारा अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में अंबिकापुर के निजी अस्पताल में महिला व छोटे बेटे की देर रात मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे ने रविवार की दोपहर दम तोड़ दिया। इस मामले में मृतिका के भाई ने अपने जीजा पर दूसरी महिला के साथ अवैध संबंध का आरोप लगाया है। उसने अपने बयान में घटना से चंद घंटे पूर्व इसी बात को लेकर हुए विवाद का भी जिक्र किया है।
सूरजपुर जिले के शक्तिनगर जरही निवासी संजीव चौधरी एसईसीएल में माइनिंग सरदार के पद पर पदस्थ है। वह अपनी पत्नी बसंती चौधरी 31 वर्ष, पुत्र अनमोल 10 वर्ष व हिमांचल 4 वर्ष के साथ रहता था। संजीव चौधरी का कहना है कि वह शनिवार को नाइट ड्यूटी पर था, इसी बीच पड़ोसियों से खबर मिली कि उसके घर में आग लग गई है और पत्नी तथा दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए हैं। यह सुनते ही वह सीधा भटगांव अस्पताल पहुंचा और देखा कि पत्नी व बच्चों की हालत गंभीर है। यहां से डॉक्टरों ने तीनों को रेफर कर दिया। इसके बाद उसने तीनों को अंबिकापुर के जेजे हॉस्पिटल में भर्ती कराया। यहां देर रात पत्नी व छोटे बेटे की मौत हो गई, जबकि बड़े बेटे ने रविवार की दोपहर करीब 12 बजे दम तोड़ दिया। सूचना पर मणिपुर चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर मृतिका के पति और मृतिका के भाई का बयान दर्ज किया है।
जीजा क ी दूसरी महिला से हैं नाजायज संबंध
पुलिस को दिए बयान में मृतिका के भाई जमशेदपुर निवासी सुमंत चौधरी ने बताया कि शनिवार की दोपहर 3 बजे बहन का फोन आया था। बहन ने जीजा (अपने पति) के दूसरी महिला से नाजायज संबंध को लेकर विवाद होना बताया। यह बात वह पिछले कुछ सालों से उसे व उसके परिवार वालों को बताती आ रही थी। बहन की बात सुनते ही उसने कहा कि वह उसे लेने वहां आ रहा है। इसी बीच रात 12.30 बजे सूचना मिली कि बहन व छोटे भांजे की जलकर मौत हो चुकी है। जब वह जेजे अस्पताल पहुंचा तो रविवार की दोपहर बड़े भांजे ने भी दम तोड़ दिया।
2013 से चला आ रहा है विवाद
माइनिंग सरदार संजीव चौधरी की शादी झारखंड के जमशेदपुर निवासी बसंती चौधरी 31 वर्ष से वर्ष 2009 में हुई थी। इस दौरान उनके 2 बच्चे अनमोल 10 वर्ष व हिमांचल 4 वर्ष हुए थे। मृतिका के भाई ने बताया कि वर्ष 2013 में बहन को पता चला था कि जीजा के दूसरी औरत से नाजायज संबंध हैं। इस बात को लेकर उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसके बाद भी जीजा का अफेयर जारी था। शनिवार को भी इसी बात को लेकर बहन व जीजा के बीच विवाद हुआ था। इधर मणिपुर चौकी पुलिस पति व मृतिका के भाई का बयान दर्ज कर मर्ग डायरी भटगांव पुलिस को भेजने की तैयारी में है।