Breaking News

अम्बिकापुर@जिले में धान खरीदी महाभियान का हुआ आगाज

Share


उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी शुरू,ट्रैक्टर और बैलगाड़ी से धान लेकर पहुंचे किसान

अम्बिकापुर 01 दिसम्बर 2021 (घटती-घटना)। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महाअभियान का प्रदेशव्यापी आगाज 1 दिसम्बर को हो गया। जिले के उपार्जन केंद्रों में पूजा-अर्चना के साथ धान खरीदी का शुभारंभ हुआ। धान खरीदी शुरू होने से समर्थन मूल्य पर धान बेचने किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई। समितियों में खरीदी व्यवस्था से किसान संतुष्ट नजर आए। पहले दिन के लिए टोकन कटवाने वाले किसान ट्रेक्टर व बैलगाड़ी से धान लेकर उपार्जन केंद्र पहुंचे। पहले दिन की खरीदी के लिए 391 किसानों को टोकन जारी किया गया है जिनसे करीब 17 हजार 560 मि्ंटल धान की खरीदी होगी।
लुण्ड्रा तहसील के सहनपुर उपार्जन केन्द्र में धान बेचने आए घंघरी निवासी किसान मनसाय तिर्की ने बताया कि उन्होंने 110 बोरी धान लेकर आए हैं। टोकन लेने तथा धान बेचने में किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं आई। उन्होंने बताया कि समिति द्वारा उपार्जन केन्द्र में अच्छी व्यवस्था की है। इसी प्रकार पटोरा निवासी किसान श्री शिवशंकर ने 90 बोरी तथा अगासी निवासी किसान श्री रामकिशोर ने 100 बोरी धान बेचा।
कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा के मार्गदर्शन में जिले में धान खरीदी की व्यापक तैयारी की गई है। इस वर्ष समर्थन मूल्य में धान बेचने 49 हजार 324 किसानों ने पंजीयन कराया है जिनसे करीब 2 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की जाएगी। अवकाश के दिनों को छोड़कर सोमवार से शुक्रवार तक धान की खरीदी की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 में कॉमन धान का समर्थन मूल्य 1940 रुपये तथा धान ग्रेड-ए का 1960 रुपये प्रति मि्ंटल निर्धारित किया गया है।

ट्रैक्टर में धान लेकर खरीदी केंद्र पहुंचे कांग्रेस जिलाध्यक्ष

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता ने ग्राम करजी और रामपुर के धान खरीदी केंद्रों में विधिवत पूजा पाठ करके खरीदी का शुभारंभ किया। जिला पंचायत सदस्य राकेश गुप्ता भी एक किसान हैं, उन्होंने स्वयं ट्रैक्टर चलाते हुए अपने खेत का धान खरीदी केंद्र करजी में पहुंचाया। किसानों की मांग पर राकेश गुप्ता ने अधिकारियों से बात कर किसान भाइयों को 25 प्रतिशत बोरा देने को ऐच्छिक कर दिया। अगर किसानों के पास बोरा है तो वे दे सकते हैं। जिनके पास बोरा नही है, उनके लिए बाध्यता नही है। राकेश गुप्ता ने धान की खरीदी को निर्वाध रूप से चलाने के लिए समिति प्रबंधकों को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। इस दौरान जिला पंचायत पंचायत सदस्य राधा रवि, जनपद अध्यक्ष ननकी सिंह, धान खरीदी केंद्र के प्रभारी पारस राजवाड़े, प्रवीण सरजाल, रामसाय, उमाशंकर कुशवाहा, ढोला राम, केपी राजवाड़े, प्रीतम राम, आनंद राम, सरपंच प्रदीप, सीएम राजवाड़े, संजीव कश्यप, विनोद राजवाड़े, अनिल कुशवाहा, दीपक राजवाड़े, आनंद पटेल, रुद्र प्रसाद, कुशल अग्रवाल व रामसाय उपस्थित थे।

कलेक्टर-एसपी ने लुण्ड्रा विकासखंड के 4 खरीदी केन्द्रों का किया निरीक्षण

प्रदेशव्यापी धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित तुकाराम कांबले ने लुंड्रा विकासखंड के 4 धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने खरीदी की तमाम व्यवस्थाओं का बारीकी से मुआयना करते हुए समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि धान खरीदी में लघु एवं सीमांत किसानों को प्राथमिकता देते हुए पहले टोकन जारी करें। कलेक्टर ने बलरामपुर जिले से लगे लुण्ड्रा विकासखंड के धौरपुर, डूमरडीह, सहनपुर तथा ससौली धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक मूलभूत संसाधनों के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान कलेक्टर ने खरीदे गए धान की गुणवत्ता, धान की तौल, बारदाने का वजन, नमी की मात्रा, टोकन काटना, बारदाने, ट्रांसपोर्टेशन, आर्द्रतामापी यंत्र, रखरखाव, पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने सभी धान उपार्जन केंद्र में निगरानी समिति के सदस्यों तथा किसानों से धान खरीदी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या नही होनी चाहिए। उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। खरीदी केंद्रों में बिचौलियों की घुसपैठ को रोकनी है। उन्होंने खरीदी केन्द्रों में सतत रूप से व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने धान बेचने आए किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि धान बेचने में उन्हें किसी प्रकार की समस्या तो नहीं हो रही है। इस दौरान उन्होंने किसानों के ऋण पुस्तिका एवं समिति में उपलब्ध दस्तावेज का मिलान किया और धान वजन करके भी देखा। निरीक्षण के दौरान लुण्ड्रा के जनपद उपाध्यक्ष वीरभद्र सिंह, एसडीएम श्री प्रदीप साहू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


Share

Check Also

बलरामपुर@पीएम जनमन के तहत लाभान्वित हो रहे है΄ पीवीटीजी जनजातिय समुदायबुनियादी सुविधाए΄ पहु΄च रही घर-घर तक

Share बलरामपुर,11 सितम्बर 2024 (घटती-घटना)। प्रधानम΄त्री जनमन योजना के अ΄तर्गत विशेष पिछड़ी जनजाति समूह के …

Leave a Reply